मेला मैदान के मंच पर मिले छात्र-छात्रा के शव, चमोली में घटना से पसरा मातम

चमोली:-  जिले के नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार सुबह एक किशोर और किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। दोनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मेला मैदान के मंच पर मिले शव

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह ग्रामीणों को गांव के समीप स्थित मेला मैदान के मंच पर एक किशोर और किशोरी के शव मिले। दोनों के शव फंदे से लटके हुए थे। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतकों में रामणी गांव निवासी कक्षा 12 में पढ़ने वाला 17 वर्षीय किशोर और कक्षा 11 में अध्ययनरत करीब 16 वर्षीय किशोरी शामिल हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए गए हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों के बीच घटना के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

प्रथम दृष्टया आत्महत्या और प्रेम प्रसंग की आशंका

नंदानगर थाने के एसआई मनोज भट्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और प्रेम प्रसंग की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।  पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों और वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

ग्राम प्रधान कुंवर लाल के अनुसार, घटना की सूचना तत्काल नंदानगर पुलिस को दी गई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी।

चमोली में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी चमोली जिले में दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। एक छात्रा के परिजनों से नाराज होकर लापता होने के बाद उसके चमोली पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगाने की बात सामने आई थी। इसके कुछ दिन बाद परिजनों से कहासुनी के बाद एक युवक द्वारा भी इसी स्थान से नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली थी। दोनों का अब तक पता नहीं चल पाया है और उनकी तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

फिलहाल रामणी गांव की घटना में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *