PM मोदी ने CM धामी को दी जन्मदिन की बधाई, अनुभव और समर्पण की सराहना

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री धामी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज के हित में किए जा रहे उनके कार्यों से जीवन में यश और गौरव बढ़े। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री धामी के अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि इन गुणों के जरिए उत्तराखंड लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि देश इस समय ‘शक्ति की सप्तधारा’ के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण की ओर बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रदेश की सामर्थ्य, संसाधनों और जनशक्ति को नए आयाम देने के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इस दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सक्रिय भूमिका अहम होगी।

यमकेश्वर शिव मंदिर में होगा रुद्राभिषेक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर 16 सितंबर को यमकेश्वर स्थित शिव मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यमकेश्वर मंडल भाजपा संगठन की ओर से मंदिर में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और यज्ञ का आयोजन होगा। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान मुख्यमंत्री के स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना के लिए किया जा रहा है। इसमें भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प माह’ और ‘आशीर्वाद दीया’ कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए सेवा और जनकल्याण से जुड़े संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही गई है।

बाल वनिता आश्रम में बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर मंगलवार को देहरादून के तिलक रोड स्थित बाल वनिता आश्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की ओर से किया गया। इस दौरान आश्रम के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने बताया कि दोनों नेताओं के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प’ के तहत एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। कार्यक्रमों की श्रृंखला में भजन-कीर्तन, साहित्य सम्मेलन, कवि सम्मेलन, चित्रकला प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और अन्य सांस्कृतिक आयोजन शामिल हैं।

16 सितंबर को सीएम और 17 सितंबर को पीएम के जन्मदिन पर कार्यक्रम

भाजपा कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को विभिन्न आयोजनों के साथ मनाया जाएगा और कार्यक्रमों का सिलसिला 17 अक्टूबर तक चलेगा। जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत के मुताबिक, 17 सितंबर को लोगों से अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया गया है। इसके अलावा डीएवी इंटर कॉलेज में शाम 7 बजे सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होगा। युवा मोर्चा की ओर से पौड़ी, सतपुली और श्रीनगर में रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

वहीं, 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर कंडोलिया मंदिर में हवन, पूजा-अर्चना और कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी की गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई राजनीतिक यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है।

17 सितंबर से शुरू होगा एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेश में घर-घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए जारी वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन को सेवा भाव से जोड़ा है। उन्होंने 17 सितंबर को शाम 6 से 7 बजे के बीच परिवारों से ‘आत्मीयता का दीया’ जलाने और प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना करने का आग्रह किया।

अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। भाजपा ने कहा है कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, यह कार्यक्रम प्रदेश में राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत के तौर पर आयोजित किया जाएगा। पार्टी की योजना प्रत्येक बूथ पर परिवारों को दीप प्रज्वलन कार्यक्रम से जोड़ने की है। 17 सितंबर की शाम बूथ स्तर के कार्यकर्ता लाभार्थी परिवारों के घर जाकर उन्हें ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने के लिए प्रेरित करेंगे। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रत्येक जिले में एक कार्यकर्ता को प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही बूथ स्तर पर भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *