UP Monsoon Update: यूपी में सामान्य से 4% कम बारिश, अब मानसून की वापसी के संकेत

लखनऊ;- उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के करीब 30 जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इससे पहले गुरुवार को प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में कई जगह बूंदाबांदी और बारिश हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी यूपी में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश देखने को मिली।

पूर्वी यूपी में सामान्य से 8% कम बारिश

पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5.2 मिलीमीटर बारिश का अनुमान था, जबकि 4.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस तरह यहां बारिश सामान्य से करीब 8 फीसदी कम रही। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित 4.8 मिलीमीटर के मुकाबले महज 1.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य से करीब 60 फीसदी कम है।

इन 30 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को मथुरा, आगरा, एटा, फिरोजाबाद, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, देवरिया, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, बस्ती, वाराणसी, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, जौनपुर, आजमगढ़, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र में बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

यूपी में अब तक सामान्य से 4% कम बारिश

प्रदेश में इस मानसून सीजन के दौरान बारिश सामान्य से थोड़ी कम रही है। 1 जून से 17 सितंबर तक उत्तर प्रदेश में 703 मिलीमीटर बारिश का अनुमान था, जबकि 672 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक बारिश सामान्य से करीब 4 फीसदी कम रही है।

लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, दिन के दौरान कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही हो सकती है और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बांदा रहा प्रदेश का सबसे गर्म जिला

गुरुवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक था। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान मेरठ में रिकॉर्ड हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री कम है।

20 सितंबर से पश्चिमी यूपी में थम सकती है बारिश

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक अरब सागर से आ रही नमी के प्रभाव के कारण शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश का यह दौर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। 20 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश थमने और 22 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम के शुष्क होने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इसी अवधि के दौरान पश्चिमी राजस्थान से करीब 19 सितंबर के आसपास मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती नजर आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *