Tag: Balkeshwar

  • आगरा में बारिश का कहर, नेशनल हाईवे और सर्विस रोड पर 3 फीट पानी, वाहन बंद होने से लंबा जाम

    आगरा में बारिश का कहर, नेशनल हाईवे और सर्विस रोड पर 3 फीट पानी, वाहन बंद होने से लंबा जाम

    उत्तर प्रदेश:-  आगरा में नेशनल हाईवे पर बारिश के दौरान अरतौनी से रुनकता तक फिर वही जलभराव नजर आया जो बुधवार को था। ठीक उसी तरह हाईवे और इसके सर्विस रोड पर 3 फीट तक पानी भर गया। कारें, बाइक और स्कूटर पानी में डूब गए। बसों और ट्रकों के इंजन में भी पानी भर जाने से वो बंद हो गए। इससे रात तक लंबा जाम लगा। रात में हुई बारिश के कारण सिकंदरा हाईवे, खंदारी, अलबतिया रोड, शमसाबाद रोड, वाटरवर्क्स, बल्केश्वर, आवास विकास, शंकरगढ़ पुलिया, अवधपुरी आदि क्षेत्रों की सड़कें पानी में डूब गईं। दिन में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

    देर रात तक लोग पानी में डूबे वाहनों से बाहर निकलने के प्रयास में लगे रहे। रात में मैकेनिक न मिलने के कारण दोपहिया वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई। उन्हें पैदल ही अपने वाहनों को घसीटकर ले जाना पड़ा। शुक्रवार रात महज 30 मिनट की बारिश में ही हाईवे पर जलभराव से सब अस्त-व्यस्त हो गया।

    दिन में दावे, रात में खुली पोल

    नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने दिन में दावे किए थे कि नालों की सफाई की गई है, पर रात में ही बारिश में जलभराव से उनके दावों की पोल खुल गई। बुधवार की तरह ही शुक्रवार रात सैकड़ों वाहन पानी में डूबने से बंद हो गए। महिलाओं और बच्चों के साथ लोग ज्यादा परेशान हुए।

    तेज हवा के साथ हुई बारिश, पेड़ गिरे

    दिन में धूप रही। शुक्रवार रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। बारिश से पहले आई आंधी से शहर में कई स्थान पर पेड़, होर्डिंग आदि टूट कर गिर पड़े। वहीं हाईवे से लेकर कॉलोनियों तक जलभराव दिखा।

    तीन दिन यलो अलर्ट

    मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र ने 1, 2 और 3 सितंबर को तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी हो सकती है।