Tag: Dehradun Road Accident

  • चकराता में दर्दनाक सड़क हादसा, 35 मीटर नीचे खाई में गिरी कार; सभी 5 घायलों का रेस्क्यू

    चकराता में दर्दनाक सड़क हादसा, 35 मीटर नीचे खाई में गिरी कार; सभी 5 घायलों का रेस्क्यू

    देहरादून/विकासनगर:- देहरादून जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चकराता क्षेत्र में लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे सभी पांचों लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का उपचार चल रहा है।

    35 मीटर नीचे खाई में गिरी कार

    जानकारी के मुताबिक चकराता के लालपुल के पास कार संख्या DL9C 8092 अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस-प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता से उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर एसडीआरएफ को कार खाई में गिरी मिली। इसके बाद टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

    खाई में उतरकर पांचों घायलों को निकाला

    रेस्क्यू टीम के जवान खाई में उतरकर घायलों तक पहुंचे। इसके बाद सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। कार में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल थीं। हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन लोगों को सामान्य चोटें लगी हैं। सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि कार सवार चकराता घूमने के लिए जा रहे थे। लालपुल के पास कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में घायल सभी लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया है।

    चार घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया

    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर हुमा परवीन के अनुसार चार घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।

    हादसे में घायल लोगों का विवरण

    • रोहन कुमार, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी नई दिल्ली
    • अभिषेक दुबे, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी रोहिणी, दिल्ली
    • अभिषेक, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश
    • शिवानी सिंह, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
    • प्रिंस राज, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
  • Doiwala News: हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर हादसा, एक की मौत और 6 घायल

    Doiwala News: हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर हादसा, एक की मौत और 6 घायल

    डोईवाला:- देहरादून के प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर हुए इस हादसे में इको कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    पिकअप का पिछला पहिया निकलने से हुआ हादसा

    जानकारी के मुताबिक, एक पिकअप वाहन डोईवाला की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक पिकअप का पिछला पहिया निकल गया। पहिया निकलने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में इको में आगे बैठे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

    इको में सवार 6 लोग गंभीर घायल

    हादसे के समय इको कार में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में तीन को डोईवाला के सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां एक व्यक्ति की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं दो घायलों को हिमालयन हॉस्पिटल और चार लोगों को देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया की जा रही है।

    हाईवे पर करीब एक घंटे लगा जाम

    हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर होने के कारण करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।

    पिकअप चालक मौके से फरार

    हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों और संबंधित वाहन चालक की भूमिका स्पष्ट होगी।

  • Road Accident Dehradun: ट्रक की टक्कर से दंपती घायल, महिला ने तोड़ा दम

    Road Accident Dehradun: ट्रक की टक्कर से दंपती घायल, महिला ने तोड़ा दम

    देहरादून:- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शिमला बाइपास चौक पर तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 26 वर्षीय महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर घायल दंपती की मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची, जिसके कारण घायल महिला को समय पर इलाज नहीं मिल सका।

    प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के लगभग दो घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इस दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई और उसने दम तोड़ दिया, जबकि उसका पति गंभीर हालत में सड़क पर दर्द से तड़पता रहा। एंबुलेंस की कथित देरी को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे शिमला बाइपास चौक पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की परिस्थितियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • देहरादून हादसे से मचा हड़कंप, छह से अधिक लोग घायल

    देहरादून हादसे से मचा हड़कंप, छह से अधिक लोग घायल

    देहरादून में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के लालपुल के पास करीब 11 बजे एक सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे लोगों पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में नहीं थी, लेकिन चालक के नियंत्रण खोते ही वाहन सीधे पैदल चल रहे लोगों की ओर बढ़ गया और देखते ही देखते कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को अचानक दौरा पड़ गया था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। चालक की तबीयत बिगड़ते ही बस बेकाबू हो गई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मारती हुई आगे बढ़ गई। हादसे में घायल लोगों में दो श्रमिक भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो रोजमर्रा के काम के लिए क्षेत्र से गुजर रहे थे। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसके स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद लालपुल क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय इस मार्ग पर काफी संख्या में मजदूर, कर्मचारी और आम नागरिक आवाजाही करते हैं, इसलिए हादसे का प्रभाव अधिक गंभीर रहा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के सभी कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।