Tag: Nalanda

  • नालंदा में तेज रफ्तार कार से मासूम की मौत, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

    नालंदा में तेज रफ्तार कार से मासूम की मौत, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

    नालंदा जिले में एक तेज रफ्तार कार ने घर के पास खेल रहे मासूम को कुचल दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा चंडी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में मंगलवार की शाम हुआ। मृतक की पहचान गांव के संजय कुमार के तीन वर्षीय बेटे रंजन कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
    परिजनों के अनुसार, रंजन कुमार मंगलवार की शाम अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान मुड़ल विगहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मारुति कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। कार इतनी तेज थी कि वह बच्चे को कुचलते हुए निकल गई। हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात मासूम ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और बच्चे के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। गुस्साए परिजन बुधवार को शव को लेकर चंडी थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
    इस घटना को लेकर चंडी थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुट गई है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस घटना में उचित कार्रवाई की जाएगी।

  • नालंदा के डीटीओ अनिल कुमार दास के खिलाफ स्पेशल विजिलेंस यूनिट का बड़ा कदम

    नालंदा के डीटीओ अनिल कुमार दास के खिलाफ स्पेशल विजिलेंस यूनिट का बड़ा कदम

    नालंदा के डीटीओ (जिला परिवहन पदाधिकारी) अनिल कुमार दास के खिलाफ स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसवीयू की छह सदस्यीय टीम ने बिहार शरीफ स्थित डीटीओ के किराए के मकान में छापेमारी की। सुबह करीब छह से सात बजे के बीच एसवीयू की टीम दो गाड़ियों में बिहार शरीफ के उस मकान के पास पहुंची, जहां अनिल कुमार दास किराए पर रह रहे हैं। मकान मालिक द्वारा दरवाजा खोले जाने के बाद टीम ने बिना किसी हंगामे के कार्रवाई शुरू की। फ्लैट को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, और मीडिया को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

    इस रेड के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, और यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि एसवीयू ने छापेमारी किस उद्देश्य से की है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई अनिल कुमार दास के खिलाफ किसी भ्रष्टाचार या अन्य अनियमितताओं से जुड़ी हो सकती है। अभी तक यह भी नहीं बताया गया है कि इस छापेमारी के दौरान क्या सामान बरामद हुआ है? हालांकि, एसवीयू द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है, और जल्द ही अधिक जानकारी साझा की जाएगी। इस समय नालंदा और बिहार शरीफ में यह घटना चर्चा का विषय बन चुकी है, और पूरे मामले पर मीडिया की नजरें बनी हुई हैं।

  • नालंदा के राजगीर में सड़क दुर्घटना, घायल व्यक्ति की अस्पताल में मौत

    नालंदा के राजगीर में सड़क दुर्घटना, घायल व्यक्ति की अस्पताल में मौत

    बिहार:- नालंदा जिले के राजगीर में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अधेड़ व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा 22 फरवरी को राजगीर थाना क्षेत्र के गढ़ महादेव मंदिर के पास हुआ था। मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के कड़ाहडीह गांव निवासी दिवंगत जुगा ठाकुर के 45 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है।

    परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र ठाकुर अपनी पत्नी के साथ अपनी बेटी के रिश्ते की बातचीत के लिए राजगीर आए थे। बातचीत के बाद उन्होंने कुंड स्नान का मन बनाया और राजगीर बस स्टैंड से ई-रिक्शा पकड़ा। जब वे गढ़ महादेव मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दंपती समेत ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घायलों को तुरंत राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान गुरुवार की शाम सुरेंद्र ठाकुर ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी पत्नी और ई-रिक्शा चालक अब भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। सुरेंद्र ठाकुर अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए सैलून चलाते थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह पांच बेटियों के पिता थे और उनकी मृत्यु से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

    राजगीर थाना अध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में जख्मी व्यक्ति की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। कार चालक की तलाश जारी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा शनिवार से, नालंदा में 41 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन

    बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा शनिवार से, नालंदा में 41 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन

    बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई है। नालंदा में कुल 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां 42357 परीक्षार्थी इस परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। इधर, कई परीक्षार्थियों को लेट से पहुंचने के कारण परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया गया। वह दीवार फांदकर भी परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं कर पाए। इसके बाद परीक्षार्थियों में नालंदा के कई सेंटरों पर हंगामा किया। वह बीच सड़क पर धरना प्रदर्शन पर बैठ गए। इधर, विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सदर एसडीओ काजले वैभव नितिन साइकिल से एग्जाम सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे। जैसे ही वह बिहार शरीफ के एसएस गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे और मुख्य गेट पर आकर रुक गए। तभी वहां ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें पहचान नहीं सकी और वहाँ से हटने का इशारा करने लगा।
    इन जगहों पर छात्र-छात्राओं ने किया सड़क जाम
    बिहारशरीफ के राजकीयकृत कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय सोहसराय में निर्धारित समय से लेट पहुंचने पर परीक्षार्थियों को एंट्री नहीं मिल सकी। इसके बाद छात्राएं उग्र हो गई और एग्जाम सेंटर के अंदर रोड़ेबाजी करने लगीं। सुबह 10:00 बजे के बाद एसएस बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास छात्राएं सड़क पर उतर गई और बीच सड़क पर ही धरने पर बैठ गई। इधर, स्थानीय नेता ने भीड़ को उकसाते हुए बिहार सरकार और नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि जाम की सूचना पर पहुंचे ट्रैफिक थाना अध्यक्ष और बिहार थाना की पुलिस ने समझा बुझाकर जाम को हटाया। यही नजारा किसान कॉलेज के पास भी देखने को मिला। जहां इंट्री नहीं मिलने से नाराज छात्राएं बीच सड़क पर ही बैठ गई।
    स्टील शीट लगने के कारण दीवार नहीं फांद पाए परीक्षार्थी
    बताया जा रहा है कि प्रथम पाली की इट्री 9:00 बजे तक ही निर्धारित थी। बावजूद कई सेंटरों पर परीक्षार्थी विलंब से पहुंचे और उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका। इसके बाद प्रवेश द्वार पर ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और शिक्षक से गुहार लगाते हुए परीक्षार्थी दिखाई दिए। कहीं-कहीं तो पैरों में गिरकर परीक्षा में सम्मिलित होने की गुहार लगाती हुई छात्राएं नजर आई है। बता दें कि पिछली बार कई सेंटरों पर परीक्षार्थी बाउंड्री फांदकर अंदर निर्धारित समय के बाद भी प्रवेश कर गए थे। इस बार उन्हीं बातों से सीख लेते हुए कई सेंटरों पर बाउंड्री के ऊपर स्टील शीट लगाया गया। ताकि परीक्षार्थी बाउंड्री फांद कर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश न कर सके।

  • नालंदा में सड़क हादसा, पटना से राजगीर जा रही कार का ट्रक से टकरा, दो लोगों की मौत, तीन घायल

    नालंदा में सड़क हादसा, पटना से राजगीर जा रही कार का ट्रक से टकरा, दो लोगों की मौत, तीन घायल

    नालंदा में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोगों की हालत गंभीर है। पांचों लोग पटना से राजगीर घूमने जा रहे थे। कोहरे के कारण इनकी कार ट्रक से टकरा गई। घटना बख्तियारपुर रजौली एनएच-20 फोरलेन के चेरो ओपी अंतर्गत धोबा नदी पुल के समीप की है। हादसे में 6 साल की मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
    कार से राजगीर घूमने के लिए निकले थे
    इधर, घटना के बाद परिजनों का कहना है कि शनिवार अहले सुबह रंजीत कुमार अपनी कार से राजगीर घूमने के लिए निकले थे। कार पर कुल पांच लोग सवार थे। तभी बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन के चेरो ओपी अंतर्गत धोबा पुल के समीप घने कोहरे के कारण आगे चल रही ट्रक का पता नहीं चल पाया और गाड़ी में पीछे से कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि रंजीत कुमार ने नई कार ली थी। उसी पर सवार होकर सभी लोग पटना से राजगीर जा रहे थे।
    गाड़ी के अंदर ही लोग फंसे रह गए लोग
    टक्कर इतनी जबरदस्ती थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी के अंदर ही लोग फंसे रह गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इस बीच ट्रक चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। मरने वालों की पहचान की पहचान पटना जिला के पीर बहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत महेंद्रू निवासी रंजीत कुमार की पुत्री अंशु कुमारी (06) एवं लालबाबू की पत्नी मुन्नी देवी (50) के रूप में की गई है। वहीं रंजीत कुमार, उनकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया। इन्हें बेहतर उपचार हेतु पटना रेफर कर दिया गया है। वहीं चेरो ओपी प्रभारी वीकेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामलें की जांच में जुट गई है। कोहरे की वजह से हादसा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।