Tag: Thar accident

  • गंगा एक्सप्रेस-वे पर आधी रात भीषण हादसा, थार सवार 4 युवकों की मौत; एक अस्पताल में भर्ती

    गंगा एक्सप्रेस-वे पर आधी रात भीषण हादसा, थार सवार 4 युवकों की मौत; एक अस्पताल में भर्ती

    हापुड़:- गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना सिंभावली क्षेत्र में तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में थार सवार पांच युवकों में से चार की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए ग्राम सिखेड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का उपचार जारी है।

    बदायूं से दिल्ली जा रहे थे सभी युवक

    पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 12 बजे गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ। थार में सवार सभी पांच युवक बदायूं से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव की कार्रवाई शुरू की।

    चार मृतकों की हुई पहचान

    पुलिस ने मृतकों की पहचान जोगिंदर (26) पुत्र झाझन सिंह, निवासी पालपुर, थाना बिल्सी, सुखवीर (25) पुत्र होतीलाल, जसवंत (20) पुत्र होतीलाल, निवासी पालपुर, थाना बिल्सी और रवि (20) पुत्र करण सिंह, निवासी पूरदलपुर, थाना इस्लामपुर, बदायूं के रूप में की है। मृतकों में सुखवीर और जसवंत सगे भाई थे। हादसे में विष्णु (17) पुत्र गिरीराज, निवासी पालपुर, बिल्सी, बदायूं घायल हुआ है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

    चार शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

    पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त थार को एक्सप्रेस-वे से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। हादसे में चार युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

    एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से गंगा एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। एएसपी के मुताबिक एक घायल युवक का उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

  • खुर्पाताल के पास अनियंत्रित हुई थार, खाई में गिरे पांच पर्यटक; रेस्क्यू कर निकाला

    खुर्पाताल के पास अनियंत्रित हुई थार, खाई में गिरे पांच पर्यटक; रेस्क्यू कर निकाला

    नैनीताल:- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर खुर्पाताल के पास पर्यटकों से भरी थार अनियंत्रित होकर करीब 100 से 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार पांच पर्यटक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि थार में सवार पर्यटक दिल्ली और राजस्थान से नैनीताल घूमने पहुंचे थे। वाहन सड़क से नीचे लुढ़कते हुए खुर्पाताल झील के किनारे तक जा पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

    पुलिस और रेस्क्यू टीम ने पांचों पर्यटकों को निकाला

    दुर्घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। खाई काफी गहरी होने और रास्ता दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू टीम को घायलों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे सभी पांच पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

    बीडी पांडे अस्पताल में प्राथमिक उपचार, फिर हल्द्वानी रेफर

    रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए बीडी पांडे जिला अस्पताल, नैनीताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति का परीक्षण कर प्राथमिक उपचार दिया। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

    हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

    दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि थार किस वजह से अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है। खासकर पर्यटकों को पहाड़ी सड़कों पर गति नियंत्रित रखने और सड़क की स्थिति के अनुसार वाहन चलाने की सलाह दी जाती है।

  • सग्गू चौक पर भीषण हादसा, थार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत, कार बंद दुकान से टकराई

    सग्गू चौक पर भीषण हादसा, थार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत, कार बंद दुकान से टकराई

    लुधियाना:- एक थार सवार महिला ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया और काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे युवक की मौत हो गई। वहीं, तेज रफ्तार थार एक बंद दुकान से टकराकर रुकी। हादसा सग्गू चौक से आरती चौक के बीच रास्ते में हुआ। मृतक युवक की पहचान अकाली नेता बलवीर सिंह के बेटे सुखविंदर सिंह (33) उर्फ डिंपल के रूप में हुई है। वह दो बच्चों का पिता और पीएयू में कैंटीन चलाता था। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने थार को अपने कब्जे में लिया। वहीं, थार चालक महिला मौके से फरार हो गई।

    जानकारी के अनुसार, महिला सफेद थार से सग्गू चौक से आगे फल की दुकान के पास पहुंची। जब उसने थार पार्क की तो दुकानदार ने उसे थोड़ा आगे करने को। इस पर महिला और दुकानदार से बहस हो गई। महिला ने गुस्से में थार को तेज गति से निकाल यू टर्न लिया। थार इतनी तेज थी कि विपरीत दिशा से बाइक पर आ रहे युवक से टक्कर हो गई और वह उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद एक बंद दुकान से टकराने के बाद रुकी। इससे दुकान को काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसने हंगामा किया।

    दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने मिलकर थार के नीचे फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला। महिला ने घायल को ऑटो से डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला वहां से निकल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, महिला वकील की पत्नी है और खुद भी वकील है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। उपचुनाव चुनाव लड़ रहे शिअद उम्मीदवार परोपकार सिंह घुम्मन भी मौके पर पहुंच गए।