Tag: Viral Fever

  • एटा में वायरल बुखार से हाहाकार, मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीज, दो मौतें दर्ज

    एटा में वायरल बुखार से हाहाकार, मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीज, दो मौतें दर्ज

    उत्तर प्रदेश:-  उत्तर प्रदेश के एटा में वायरल बुखार का प्रकोप चल रहा है। हर उम्र का व्यक्ति बुखार की चपेट में आ रहा है। क्लीनिक हो या नर्सिंग होम सहित सीएचसी हर जगह मरीजों की भरमार है। रविवार को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में छह बुखार के पीड़ित पहुंचे। उन्हें वार्ड में भर्ती कर उपचार किया गया। वहीं, बुखार से किशोर तो पेट दर्द से बालिका की मौत हो गई।

    रविवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी बंद थी। ऐसे में बुखार के पीड़ित इमरजेंसी में उपचार के लिए पहुंचे। यहां तेज बुखार के चलते छह मरीजों को भर्ती किया गया। बाद में उन्हें मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया गया। बताया गया कि वार्ड में बेड फुल थे। रविवार को छह मरीजों की छुट्टी की गई।  इसके बाद इमरजेंसी से गए मरीजों को भर्ती किया गया। यहां भर्ती 52 मरीजों में 42 मरीज बुखार के भर्ती हैं। गांव बाबसा निवासी पांच वर्षीय दृष्टि को लेकर परिजन इमरजेंसी में रविवार को दोपहर 12:30 पर पहुंचे। चिकित्सक ने बालिका को देखा और मृत बता दिया।
    परिजन ने बताया कि शनिवार को उसके पेट में दर्द उठा था। गांव में दवा दिलाई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इस पर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर आए थे। इसके अलावा गावं ककरावली निवासी 10 वर्षीय असद की बुखार के चलते मौत हो गई। भाई इलियास ने बताया शनिवार की शाम 4:30 बजे बुखार आया।  उसको लेकर चौथा मील के पास एक चिकित्सक के यहां गए। वहां उपचार चला, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने शहर में चिकित्सक को दिखाने की सलाह दी। ठंडी सड़क स्थित चिकित्सक के यहां लेकर गए। वहां से मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दे दी गई। यहां इमरजेंसी में उसको मृत बता दिया गया।

  • वायरल बुखार से फिरोजाबाद में चिकित्सा सुविधाओं पर दबाव, सीएमएस ने कहा, ‘बुखार तेजी से बढ़ रहा है’

    वायरल बुखार से फिरोजाबाद में चिकित्सा सुविधाओं पर दबाव, सीएमएस ने कहा, ‘बुखार तेजी से बढ़ रहा है’

    फिरोजाबाद:- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में वायरल बुखार के मरीज बढ़ने से मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों में बेड फुल हो गए हैं। यह बुखार कम से कम चार दिन रहता है। सिर, पैर और कमर में दर्द के साथ ही मांसपेशियों में जकड़न भी होती है। इन दिनों सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की लंबी लाइन है। रविवार मेडिकल वार्ड में सामान्य मरीजों के अधिकांश बेड पर मरीज भर्ती मिले। निजी अस्पतालों का यही हाल है। सीएमएस डॉ. नवीन जैन का कहना है कि इन दिनों वायरल बुखार तेजी से बढ़ रहा है।

    हालत गंभीर होने पर पीड़ित को वार्ड में भर्ती कर उपचार कराया जा रहा है। परिवार के किसी एक सदस्य को वायरल बुखार होने पर अन्य भी उसकी चपेट में आ रहे हैं। यही कारण है कि इससे मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। गर्मी के बाद रुक-रुककर बारिश होने से संक्रामक रोग तेजी से फैल रहे हैं। इसलिए स्वास्थ्य विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि अपने पास जलभराव न होने दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। वहीं, जिले में डेंगू के मरीज मिलने के बाद साफ-सफाई को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।