अमेरिका में एक हैरान करने वाली घटना हुई है, जहां एक महिला पांच साल कोमा में रहने के बाद होश में आ गई। महिला के कोमा में रहने के दौरान उसकी मां उसे जोक्स सुनाया करती थी। एक दिन अपनी मां के किसी जोक पर हंसते हुए वह कोमा से उठ बैठी। मिशिगन की रहने वाली इस महिला का नाम जेनिफर फ्लेवेलेन है। वह सितंबर 2017 में कार हादसे का शिकार हुई थी। इसके बाद वह कोमा चली गई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान वह धीरे-धीरे ठीक हो रही थी। महिला के होश में आने के बाद जहां परिजनों काफी खुश हैं, वहीं डॉक्टरों ने इसे चमत्कार जैसा बताया है।
जेनिफर की मां पेगी मीन्स ने एक इंटरव्यू में बताया कि जब वह कोमा से उठी तो मैं काफी ज्यादा डर गई। वह काफी तेजी से हंस रही थी और पहले उसने कभी ऐसा नहीं किया था। अपनी बेटी के ठीक होने पर पेगी मीन्स काफी ज्यादा खुश और भावुक हैं। उन्होंने कहाकि हमारा हर सपना पूरा हो गया। जो दरवाजे बंद हो गए थे वो फिर से खुल गए। वहीं, महिला के पति पिछले पांच साल से कोमा के दौरान उसका ख्याल रख रहे हैं। अब वह उसके चलने-फिरने और बातचीत को लेकर काम कर रहे हैं। जेनिफर की मां ने बताया कि वह उठ तो गई है कि लेकिन अभी भी ठीक से बोल नहीं पा रही है। हालांकि वह सिर हिलाकर जवाब देती है। उन्होंने बताया कि शुरू-शुरू में वह काफी ज्यादा सोती थी, लेकिन धीरे-धीरे यह सब ठीक हो जाएगा।