देहरादून पुलिस में बड़ा एक्शन, निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर पर व्यापक फेरबदल

देहरादून में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोबाल ने निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के कुल 33 पुलिस अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी किए हैं। नई तैनातियों के तहत कई थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और विवेचना इकाइयों में कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक राकेश कठैत को पुलिस लाइन से प्रभारी एएचटीयू बनाया गया है, जबकि निरीक्षक प्रमोद उनियाल को प्रभारी वीवीआईपी सेल की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक अरविंद कुमार को कालसी थानाध्यक्ष पद से हटाकर प्रभारी सिटीजन सेल नियुक्त किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक विवेक राठी को आईडीपीएल चौकी प्रभारी से कालसी का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है और कुलदीप शाह को कोतवाली नगर से त्यूणी थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

तबादला सूची में कई अन्य उपनिरीक्षकों और महिला उपनिरीक्षकों को भी नई तैनाती दी गई है। आराघर, डाकपत्थर, सहिया, मयूर विहार, डिफेंस कॉलोनी, आशारोड़ी, हरिपुर कला और फव्वारा चौक जैसी प्रमुख चौकियों में नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा रायपुर, ऋषिकेश, रायवाला, डोईवाला, मसूरी, प्रेमनगर, क्लेमेनटाउन और वसंत विहार समेत कई थानों में भी अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाया जा सकेगा। नई तैनातियों के जरिए अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून-व्यवस्था और आम जनता को त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आने वाले दिनों में सभी अधिकारी अपने नए कार्यभार संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *