भारी बारिश का असर, नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड धंसा – Uttarakhand View

भारी बारिश का असर, नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड धंसा

देहरादून:- लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राजमार्ग पर प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बने नए पुल के एप्रोच रोड (पहुंच मार्ग) का एक हिस्सा धंसने के बाद प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने मौके का संज्ञान लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर जल्द से जल्द पुल को यातायात के लिए सुरक्षित रूप से खोलने के निर्देश दिए।

सतपाल महाराज ने किया मौके का निरीक्षण

लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने नंदा की चौकी स्थित पुल का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुल का मुख्य स्ट्रक्चर पूरी तरह सुरक्षित है और किसी प्रकार की संरचनात्मक क्षति नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि समस्या केवल पुल के एप्रोच रोड पर आई है, जिसे युद्धस्तर पर ठीक किया जा रहा है।

बारिश के कारण एप्रोच रोड धंसा

मंत्री ने बताया कि पुल के रिटर्न वॉल (Return Wall) के एप्रोच हिस्से में पहले मिट्टी भरान का कार्य किया गया था। लगातार बारिश के कारण अंदर से पानी का दबाव बढ़ने पर मिट्टी बह गई, जिससे सड़क के नीचे खाली जगह (कैविटी) बन गई और एप्रोच रोड का हिस्सा धंस गया। स्थिति का पता चलते ही लोक निर्माण विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।

PWD की टीमें मौके पर तैनात

सतपाल महाराज ने बताया कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव और प्रमुख अभियंता को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मौके पर बुलडोजर, जेसीबी मशीनें और विभागीय टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। धंसे हुए हिस्से को भरने, सड़क को मजबूत करने और यातायात बहाल करने का काम तेज़ी से जारी है।

जल्द शुरू होगा यातायात

लोक निर्माण मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पुल का स्ट्रक्चर पूरी तरह सुरक्षित होने के कारण मरम्मत कार्य पूरा होते ही इस मार्ग को दोबारा वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द मरम्मत पूरी की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *