उत्तराखंड बारिश अपडेट: देहरादून में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 18 अगस्त को बंद

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग, देहरादून की ओर से भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद मंगलवार, 18 अगस्त को जनपद देहरादून में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।  प्रशासन के आदेश के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 18 अगस्त को बंद रहेंगे। यह निर्णय खराब मौसम और संभावित बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। साथ ही प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से जारी होने वाले नए दिशा-निर्देशों एवं मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।

बारिश से जनजीवन प्रभावित

उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के कारण कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन की घटनाओं से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भूस्खलन और मलबा आने के कारण कई सड़क मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। मार्ग बाधित होने से यात्रियों और वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करते हुए लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *