उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, तेज धूप के बाद हुई झमाझम बारिश

देहरादून:- उत्तराखंड में बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में आज भी मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ तेज से मूसलाधार बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।  अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर पड़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश के मौसम में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है और 25 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

देहरादून में आज स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए देहरादून में आज कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला किया गया है।

धूप के बाद फिर बदला मौसम

बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश के बीच बुधवार को मौसम का मिजाज कुछ बदला नजर आया। दिन में तेज धूप निकलने से देहरादून में गर्मी बढ़ गई और अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोगों को सड़क पर निकलने और खुले स्थानों पर रहने में परेशानी हुई। हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट ली और बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। आंकड़ों के अनुसार, देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सामान्य रहा।

मालदेवता और सहस्रधारा में हुई जोरदार बारिश

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक मालदेवता में सबसे अधिक 83 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, सहस्रधारा में 65 मिमी और मसूरी में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

भूस्खलन से 107 सड़कें बंद

लगातार बारिश के चलते प्रदेश में भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। बुधवार को उत्तराखंड में कुल 107 सड़कें बंद रहीं, जिनमें सबसे अधिक 78 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। जिला स्तर पर देखें तो अल्मोड़ा में 2, बागेश्वर में 10, चमोली में 20, देहरादून में 10, नैनीताल में 17, पौड़ी में 10 और पिथौरागढ़ में 17 मार्ग बंद रहे। इसके अलावा रुद्रप्रयाग में 9, टिहरी में 7 और उत्तरकाशी में 5 सड़कें बाधित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *