अर्जुन राम मेघवाल आज करेंगे डॉ. बीआर अंबेडकर फार्मेसी कॉलेज के कार्यालय का उद्घाटन – Uttarakhand View

अर्जुन राम मेघवाल आज करेंगे डॉ. बीआर अंबेडकर फार्मेसी कॉलेज के कार्यालय का उद्घाटन

कुरुक्षेत्र/कैथल: केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज कुरुक्षेत्र और कैथल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। केंद्रीय मंत्री जहां धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में कई सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में शामिल होंगे, वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिहोवा पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।  केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के कार्यक्रम की शुरुआत कैथल जिले के गांव जड़ौला से होगी। इसके बाद वह कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे और यहां आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

मेघवाल गांव मथाना स्थित डॉ. बीआर अंबेडकर फार्मेसी कॉलेज के शहरी कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह कुरुक्षेत्र के सेक्टर-8 में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अधिवेशन में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री इस अवसर पर गुरु रविदास रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे।  केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर कुरुक्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रमों से जुड़े संगठनों और समितियों ने अपनी व्यवस्थाएं कर ली हैं, जबकि जिला प्रशासन भी आयोजन की तैयारियों में सहयोग कर रहा है। केंद्रीय मंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी जाएगी।

वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज दिल्ली से सीधे पिहोवा पहुंचेंगे। वह पिहोवा स्थित एसआईएस एकेडमी परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात और संवाद करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा और वह संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर उनसे चर्चा करेंगे।  पिहोवा के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कैथल जिले के गांव जड़ौला पहुंचेंगे। यहां वह संत गुरु रविदास जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी के इन कार्यक्रमों को लेकर कुरुक्षेत्र, पिहोवा और कैथल क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *