देहरादून:- उत्तराखंड एसटीएफ की ओर से हाल ही में चलाए गए सात दिवसीय ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ के बावजूद साइबर अपराध के मामले सामने आ रहे हैं। अभियान के दौरान साइबर ठगों के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 247 संदिग्धों को कानूनी नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद अब देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में अलग-अलग एटीएम से लाखों रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है।
छह इलाकों के ATM से निकाले गए 5.61 लाख रुपये
कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में साइबर सेल की जांच के दौरान सामने आया कि अलग-अलग स्थानों पर लगे एटीएम से कुल 5,61,256.53 रुपये निकाले गए हैं। रकम निकालने के लिए आरोपियों ने किसी एक एटीएम का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि देहरादून के छह अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित एटीएम को निशाना बनाया। जांच में करनपुर, ईसी रोड, राजपुर रोड, दर्शन लाल चौक, सर्कुलर रोड और 5th क्रॉस रोड स्थित एटीएम से निकासी की जानकारी सामने आई है।
कई बैंकों के ATM से हुई निकासी
साइबर सेल की पड़ताल में अलग-अलग बैंकों के एटीएम से रकम निकाले जाने की बात सामने आई है। इनमें SBI, UCO Bank, Canara Bank, South Indian Bank, Bank of Baroda और Union Bank of India के एटीएम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, रकम एक साथ निकालने के बजाय कई किस्तों में अलग-अलग एटीएम से निकाली गई, जिससे जांच में आरोपियों की गतिविधियों का पैटर्न सामने आया है।
CCTV फुटेज से संदिग्धों की पहचान में जुटी पुलिस
साइबर सेल की रिपोर्ट मिलने के बाद करनपुर चौकी प्रभारी की तहरीर पर कोतवाली डालनवाला में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित एटीएम और घटनास्थलों की जानकारी जुटाकर वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर उन लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जिन्होंने एटीएम से रकम निकाली। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अलग-अलग एटीएम से रकम निकालने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और पैसे किस तरीके से निकाले गए।
म्यूल अकाउंट से निकाली गई रकम
डालनवाला कोतवाली के उपनिरीक्षक विक्की टम्टा के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि एटीएम से रकम म्यूल अकाउंट के जरिए निकाली गई। म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खातों को कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी ठगी या अवैध तरीके से हासिल रकम को प्राप्त करने और बाद में उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए करते हैं।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
डालनवाला कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि उपनिरीक्षक विक्की टम्टा की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ के बाद भी सामने आया मामला
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में उत्तराखंड एसटीएफ ने साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए सात दिवसीय ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ चलाया था। अभियान में ठगी की रकम निकालने वालों के साथ-साथ साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते, सिम, एटीएम, चेक और अन्य डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।इस अभियान के दौरान 15 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था और 247 संदिग्धों को कानूनी नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद देहरादून में सामने आया यह मामला साइबर अपराधियों द्वारा अलग-अलग माध्यमों से रकम निकालने की गतिविधियों को लेकर पुलिस के सामने नई चुनौती पेश करता है।