चमोली में हादसे का शिकार हुए सांसद अनिल बलूनी का वाहन, पत्थर गिरने से बाल-बाल बचे

चमोली: पीपलकोटी में हुए टीएचडीसी टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तोता घाटी के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरकर उनके वाहन से जा टकराया। हादसे में सांसद अनिल बलूनी बाल-बाल बच गए, जबकि गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के मुताबिक, मौसम विभाग की ओर से जारी हाई अलर्ट के बावजूद गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी देहरादून से चमोली के पीपलकोटी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें वहां टीएचडीसी टनल हादसे का जायजा लेना था। इसी दौरान तोता घाटी के पास अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर सड़क पर गिरा और वाहन उसकी चपेट में आ गया।

हादसे के दौरान पत्थर वाहन के ऊपरी हिस्से पर नहीं गिरा, जिससे बड़ा नुकसान होने से टल गया। हालांकि, टक्कर के कारण गाड़ी का अगला हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के वक्त सांसद अनिल बलूनी भी वाहन में मौजूद थे और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई।

बताया जा रहा है कि सांसद के चमोली दौरे के लिए यह वाहन किराये पर लिया गया था। इसी वाहन से वह पीपलकोटी जा रहे थे। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर सफर के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *